By: Mala Mandal
देवघर जिले के पुनासी खोरी पानन गांव में खेल प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। देवघर जिला गोल शॉटबॉल संघ के नेतृत्व में गांव में नए गोल शॉटबॉल मैदान का उद्घाटन किया गया। इस मैदान के शुरू होने से गांव और आसपास के क्षेत्रों के बच्चों एवं खिलाड़ियों को अब बेहतर अभ्यास का अवसर मिलेगा। साथ ही ग्रामीण प्रतिभाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए एक मजबूत मंच भी प्राप्त होगा।

इस अवसर पर आयोजित उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं ग्रामीणों की बड़ी संख्या मौजूद रही। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि झारखंड गोल शॉटबॉल संघ के महासचिव राजेश रंजन ने फीता काटकर मैदान का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद मैदान की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। संघ के पदाधिकारियों ने नारियल फोड़कर एवं लड्डू चढ़ाकर कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न कराया।
मुख्य अतिथि राजेश रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदानों का निर्माण खिलाड़ियों के भविष्य को नई दिशा देता है। उन्होंने कहा कि झारखंड में गोल शॉटबॉल खेल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और देवघर जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मैदान से भविष्य में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकलेंगे, जो जिले एवं राज्य का नाम रोशन करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान देवघर जिला गोल शॉटबॉल संघ के अध्यक्ष रितुराज, सचिव मनीष कुमार एवं कोषाध्यक्ष खुश्बू कुमारी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं उपाध्यक्ष गोलू सिंह, संयुक्त सचिव नितेश कुमार, कार्यकारी सदस्य सौरभ सिंह, नीरज प्रकाश एवं विजय भारद्वाज के साथ समाजसेवी सुनील कुमार भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन देवघर जिला गोल शॉटबॉल संघ के अतिरिक्त सचिव बमबम दुबे ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल अनुशासन, समर्पण और संघर्ष का प्रतीक है। यदि खिलाड़ी निरंतर मेहनत करते रहें तो वे निश्चित रूप से राज्य और देश स्तर पर सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

उद्घाटन समारोह के दौरान खिलाड़ियों के बीच खेल सामग्री एवं बॉल का वितरण किया गया। साथ ही खिलाड़ियों को पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। आयोजकों ने कहा कि जिस प्रकार पौधे निरंतर बढ़ते हैं, उसी प्रकार खिलाड़ियों को भी लगातार मेहनत और अभ्यास के माध्यम से आगे बढ़ना चाहिए। इस पहल को उपस्थित लोगों ने काफी सराहा।

कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई खिलाड़ी भी शामिल हुए। इनमें साक्षी भारद्वाज, रौशन कुमार, रोहित कुमार, अविनव कुमार एवं विश्वास कश्यप की उपस्थिति खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक रही। वहीं राष्ट्रीय खिलाड़ी यशराज, शिवम कुमार, प्रशांत कुमार, बबलू कुमार एवं विक्की कुमार भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

खिलाड़ियों ने कहा कि गांव में खेल मैदान बनने से अब उन्हें अभ्यास के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और खेल के प्रति युवाओं का रुझान भी बढ़ेगा। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि खेल मैदान युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

देवघर जिला गोल शॉटबॉल संघ की इस पहल को जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जाए तो आने वाले समय में झारखंड से बड़ी संख्या में खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

