By: Vikash Kumar Raut (Vicky)
देवघर: आगामी राजकीय श्रावणी मेला 2026 को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में 02 मई 2026 को समाहरणालय सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा, सुरक्षा और सुगम जलार्पण सुनिश्चित करना था।

बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभाग से जुड़े कार्यों की विस्तृत कार्य योजना तैयार कर शीघ्र उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करें। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु देवघर पहुंचते हैं, ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उपायुक्त ने कहा कि मेले के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कांवरिया पथ पर महीन बालू बिछाने, रूटलाइन में पंडाल निर्माण, पेयजल व्यवस्था, शौचालय, स्नानगृह, आवासन और साज-सज्जा कार्यों को समय रहते पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही मेडिकल सुविधा को भी और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया।
विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त ने बाबा मंदिर प्रांगण और आसपास के क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था को पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बिजली के खुले तारों को ठीक करने और असुरक्षित स्थानों को चिन्हित कर सुधार करने की बात कही। इसके अलावा दुम्मा बॉर्डर से कांवरिया पथ तक आने वाले बिजली के पोल को श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समय रहते शिफ्ट करने का निर्देश दिया गया।

स्वच्छता, पेयजल और आवासन पर फोकस
उपायुक्त ने मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और आवासन की व्यवस्था को बेहतर और सुविधाजनक बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके लिए नगर निगम और संबंधित विभागों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

यातायात और पार्किंग व्यवस्था होगी मजबूत
श्रावणी मेले के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था और पार्किंग को लेकर भी विशेष योजना बनाने को कहा गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक प्लान को पहले से तैयार कर लिया जाए। साथ ही पार्किंग स्थलों की पहचान कर वहां पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

विभागों को ससमय तैयारी पूरी करने का निर्देश
बैठक में उपायुक्त ने सभी कार्यपालक अभियंताओं और विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अभी से ही तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि मेले से संबंधित बजट और आवंटन राशि की प्रक्रिया को भी जल्द पूरा किया जाए, ताकि किसी कार्य में बाधा न आए। इसके लिए विभागों को समय रहते पत्राचार करने का भी निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि श्रावणी मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि राज्य की प्रतिष्ठा से जुड़ा बड़ा आयोजन है। ऐसे में सभी विभागों की जिम्मेदारी है कि वे अपनी भूमिका को गंभीरता से निभाएं और श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव प्रदान करें।

बेहतर समन्वय से सफल होगा आयोजन
बैठक के दौरान यह भी कहा गया कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, जिससे किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए। सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, बिजली, पानी और यातायात जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए अंतिम रूप दिया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

