By: Mala Mandal
देवघर:आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET (UG)-2026 परीक्षा के सफल, पारदर्शी एवं कदाचार मुक्त संचालन को लेकर देवघर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़े प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने जानकारी दी कि जिले में NEET (UG)-2026 परीक्षा के लिए कुल चार परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। सभी केंद्रों पर सुरक्षा, पारदर्शिता और अभ्यर्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को समय रहते परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए व्हीलचेयर, बिजली, पेयजल, साफ-सफाई तथा बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कदाचार को रोकने के लिए पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। सभी अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान लगातार फील्ड में सक्रिय रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा। इसके साथ ही 20 जून को सभी परीक्षा केंद्रों पर मॉक ड्रिल आयोजित करने का निर्देश दिया गया है ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा उत्पन्न न हो।

बैठक में परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष चर्चा हुई। उपायुक्त ने सभी केंद्रों को सीसीटीवी निगरानी में रखने और परीक्षा से पहले केंद्रों का भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए। परीक्षार्थियों के प्रवेश के दौरान पुरुष एवं महिला सुरक्षाकर्मियों द्वारा मुख्य प्रवेश द्वार पर सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। फ्रिस्किंग प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

परीक्षा की निगरानी और त्वरित समन्वय के लिए जिला नियंत्रण कक्ष को पूरी तरह सक्रिय रखा जाएगा। कंट्रोल रूम परीक्षा समाप्ति तक चौबीसों घंटे कार्यरत रहेगा। यहां पालियों के अनुसार दंडाधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

इसके अलावा परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कंट्रोल रूम से लगातार गश्ती दलों एवं परीक्षा केंद्रों के सुरक्षा प्रभारियों के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
देवघर में बनाए गए NEET (UG)-2026 परीक्षा केंद्र:
1. ए.एस. कॉलेज (साइंस ब्लॉक), देवघर
2. देवघर कॉलेज, देवघर
3. रमा देवी बाजला महिला महाविद्यालय, देवघर
4. पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, रिखिया, देवघर

बैठक में उपविकास आयुक्त पीयूष कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार, डीआरडीए निदेशक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, यातायात डीएसपी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित सभी सेंटर सुपरिटेंडेंट एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

देवघर प्रशासन का लक्ष्य है कि NEET (UG)-2026 परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो तथा परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

