By: Mala Mandal
देवघर। श्री श्याम कीर्तन मंडल, देवघर के सत्र 2026-28 के लिए पदाधिकारियों का चुनाव लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। रविवार को आयोजित इस चुनाव में सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बाबा श्याम की कृपा एवं मंडल के सदस्यों के सहयोग से पूरी चुनाव प्रक्रिया पारदर्शिता, अनुशासन और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराई गई।

चुनाव प्रक्रिया सुबह 9:00 बजे आरंभ हुई और दोपहर 1:00 बजे तक मतदान जारी रहा। इस दौरान कुल 180 सदस्यों ने मतदान कर मंडल के नए नेतृत्व के चयन में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। मतदान के दौरान पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा सदस्यों ने शांतिपूर्ण तरीके से मतदान किया। मतदान समाप्त होने के बाद सायं 5:30 बजे मतगणना की प्रक्रिया शुरू की गई। मतगणना मुख्य चुनाव अधिकारी श्री राज कुमार शर्मा (अधिवक्ता) एवं श्री विमल खेतान की देखरेख में संपन्न हुई। दोनों अधिकारियों ने निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाया।

अध्यक्ष पद पर संजय कुमार बंका की शानदार जीत
अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में श्री संजय कुमार बंका ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 127 मत प्राप्त किए। उनके प्रतिद्वंदी श्री संतोष शर्मा को 50 मत मिले। मतगणना के बाद श्री संजय कुमार बंका को विजयी घोषित किया गया। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों और सदस्यों में खुशी की लहर दौड़ गई।

उपाध्यक्ष पद पर राजेश गुप्ता एवं सुनील अग्रवाल निर्वाचित
उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में श्री राजेश कुमार गुप्ता को 113 मत प्राप्त हुए, जबकि श्री सुनील अग्रवाल ने 100 मत हासिल कर दूसरा उपाध्यक्ष पद अपने नाम किया। वहीं अन्य उम्मीदवारों में श्री विशाल सराफ को 62 तथा श्री दीपक बजाज को 48 मत प्राप्त हुए। परिणामों के अनुसार राजेश कुमार गुप्ता एवं सुनील अग्रवाल को उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित घोषित किया गया।

मंत्री पद पर अशोक सरावगी ने दर्ज की जीत
मंत्री पद के लिए हुए मुकाबले में श्री अशोक सरावगी ने 95 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी श्री सचिन सुल्तानियां को 84 मत मिले। करीबी मुकाबले के बावजूद अशोक सरावगी ने जीत हासिल कर मंडल की नई कार्यकारिणी में अपनी जगह बनाई।

कोषाध्यक्ष पद पर पंकज कुमार पचेरीवाला निर्वाचित
कोषाध्यक्ष पद के चुनाव में श्री पंकज कुमार पचेरीवाला ने 115 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। वहीं उनके प्रतिद्वंदी श्री अशोक कुमार शर्मा (दायमा) को 62 मत मिले। इसके बाद चुनाव अधिकारियों ने पंकज कुमार पचेरीवाला को कोषाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित घोषित किया।

विजयी प्रत्याशियों का हुआ सम्मान
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मंडल की ओर से सभी विजयी प्रत्याशियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विजेताओं को माला पहनाकर एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने नव-निर्वाचित टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

चुनाव अधिकारियों का विशेष सम्मान
चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले मुख्य चुनाव अधिकारी श्री राज कुमार शर्मा (अधिवक्ता) एवं श्री विमल खेतान को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मंडल के सदस्यों ने उनके कुशल संचालन और निष्पक्ष नेतृत्व की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। इसके अलावा चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में श्री रोहित कुमार सुल्तानियां एवं श्री अभिषेक सिंहानिया के योगदान की भी प्रशंसा की गई।

नई टीम ने लिया सेवा और सामाजिक कार्यों को गति देने का संकल्प
नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने बाबा श्याम से आशीर्वाद प्राप्त कर मंडल की सेवा, कीर्तन-भजन एवं सामाजिक गतिविधियों को और अधिक विस्तार देने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि मंडल की धार्मिक परंपराओं को मजबूत करने के साथ-साथ समाजहित के कार्यों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। कार्यक्रम के समापन पर सभी सदस्यों ने नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए आगामी कार्यकाल के सफल एवं जनहितकारी होने की कामना की।

