By: Mala Mandal
देवघर। मासव्यापी राजकीय श्रावणी मेला के दौरान देवघर में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ रही भीड़ के बीच जिला प्रशासन ने पिछले 23 दिनों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। शनिवार को मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने श्रावणी मेला से संबंधित विभिन्न विभागों की उपलब्धियों, व्यवस्थाओं और आय का विस्तृत ब्यौरा मीडिया के समक्ष रखा। अधिकारियों ने बताया कि मेला को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है।
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां ने बताया कि श्रावणी मेला के पिछले 23 दिनों में बाबा बैद्यनाथ मंदिर में 51 लाख 12 हजार 531 श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया है। इसमें बाह्य अर्घा और आंतरिक अर्घा के माध्यम से किए गए जलार्पण को भी शामिल किया गया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के देवघर पहुंचने के बावजूद जिला प्रशासन की ओर से भीड़ प्रबंधन, कतार व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं से विभिन्न मदों में प्राप्त राशि को मिलाकर अब तक 8 करोड़ 23 लाख 47 हजार 741 रुपये की आय हुई है। श्रावणी मेला के दौरान बड़ी संख्या में देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालुओं के पहुंचने से मंदिर और मेला क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आई है। उपायुक्त के अनुसार परिवहन विभाग को भी मेला के दौरान अन्य राज्यों में निबंधित व्यावसायिक वाहनों से राज्य प्रवेश शुल्क के रूप में 70 लाख 09 हजार 800 रुपये की प्राप्ति हुई है। इसके अलावा पेड़ा, सिंदूर और अन्य व्यवसायिक गतिविधियों से प्राप्त आय को शामिल करने पर संबंधित मदों से कुल प्राप्ति करीब 3 करोड़ 10 लाख 58 हजार रुपये बतायी गयी है।

अस्थायी विद्युत व्यवस्था से 73 लाख से अधिक की आय
श्रावणी मेला के दौरान मेला क्षेत्र में अस्थायी विद्युत व्यवस्था को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उपायुक्त ने बताया कि अस्थायी विद्युत व्यवस्था से 73 लाख 27 हजार 830 रुपये की आमदनी हुई है। मेला क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभाग की ओर से आवश्यक व्यवस्था की गयी है, ताकि श्रद्धालुओं, दुकानदारों, सेवा शिविरों और अन्य स्थानों पर किसी तरह की परेशानी नहीं हो।
नगर निगम की व्यवस्थाओं की भी दी गयी जानकारी
प्रेस ब्रीफिंग के दौरान देवघर नगर निगम की ओर से मेला अवधि में की गयी व्यवस्थाओं और विभिन्न मदों से हुई आय की जानकारी भी साझा की गयी। नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने बताया कि नगर निगम की ओर से अंतरराज्यीय बस पड़ाव, शौचालय सहित मेला क्षेत्र में विभिन्न नागरिक सुविधाओं को व्यवस्थित रखने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निगम की टीम लगातार सक्रिय है। भीड़ बढ़ने के साथ सफाई व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था पर एसपी ने दी जानकारी
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने श्रावणी मेला के दौरान की गयी पुलिसिंग और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गयी है। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, मंदिर क्षेत्र की सुरक्षा और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी की जा रही है। एसपी ने कहा कि मेला के दौरान सामने आने वाली कमियों को चिह्नित कर उन्हें दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाले दिनों में भीड़ और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। पुलिस प्रशासन की ओर से मेला क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

स्वास्थ्य समेत विभिन्न विभागों ने संभाली जिम्मेदारी
प्रेस ब्रीफिंग में स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों की ओर से मेला के दौरान की गयी तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी गयी। अधिकारियों ने बताया कि श्रावणी मेला में देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य सुविधा, स्वच्छता, पेयजल, बिजली, परिवहन, सुरक्षा और यातायात सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को बाबा बैद्यनाथ मंदिर में जलार्पण से लेकर वापसी तक किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मेला क्षेत्र में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए लगातार समीक्षा और मॉनिटरिंग की जा रही है।

एक सप्ताह की व्यवस्थाओं की समीक्षा
उपायुक्त ने कहा कि प्रेस ब्रीफिंग के माध्यम से पिछले एक सप्ताह में श्रावणी मेला के दौरान की गयी व्यवस्थाओं और उपलब्धियों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया है। प्रशासन की ओर से मेला व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जा रही है। जहां भी किसी प्रकार की कमी सामने आ रही है, उसे संबंधित विभाग के माध्यम से तत्काल दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रेस ब्रीफिंग के दौरान उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां, एसपी प्रवीण पुष्कर, डीडीसी पीयूष सिन्हा, डीपीआरओ रवि कुमार, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, डीपीआरओ राहुल भारती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने कहा कि श्रावणी मेला के शेष दिनों में भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा जाएगा।


