By: Vikash Kumar(Vicky)
देवघर। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय देवघर और दुमका दौरे पर आज देवघर एयरपोर्ट पहुंचे। देवघर आगमन पर एयरपोर्ट परिसर में उन्हें झारखंड पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मुख्य चुनाव आयुक्त के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद नजर आईं।
देवघर एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार सीधे विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने सपरिवार विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देश और राज्य की सुख-समृद्धि, शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा आगामी चुनावों के सफल आयोजन की मंगल कामना की।
बाबा बैद्यनाथ धाम में दर्शन-पूजन के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त देवघर से बासुकीनाथ धाम के लिए रवाना होंगे, जहां वे भगवान शिव की आराधना करेंगे। इसके पश्चात वे अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार देवघर से आगे के दौरे पर निकलेंगे।

देवघर एयरपोर्ट पर मीडिया से संक्षिप्त बातचीत करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा,
“सबसे पहले मैं झारखंड के सभी भाई-बहनों को जोहार करता हूं। दो दिवसीय झारखंड प्रवास के दौरान आज बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना करने का सौभाग्य मिला है। बाबा से देश की मंगल कामना और लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रार्थना की है।”
उन्होंने कहा कि झारखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराएं देशभर में आस्था का केंद्र हैं और यहां आकर आध्यात्मिक शांति की अनुभूति होती है। चुनाव आयोग का उद्देश्य निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराना है, जिसके लिए सभी राज्यों के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लगातार संवाद किया जा रहा है।
मुख्य चुनाव आयुक्त के देवघर आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। एयरपोर्ट से लेकर बाबा बैद्यनाथ मंदिर तक सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरती।
जानकारी के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त अपने झारखंड दौरे के दौरान दुमका भी जाएंगे, जहां वे निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर सकते हैं। इस दौरे को आगामी चुनावों की दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
मुख्य चुनाव आयुक्त के दौरे से देवघर और संताल परगना क्षेत्र में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों में भी इस दौरे को लेकर उत्सुकता देखी जा रही है। बाबा बैद्यनाथ और बासुकीनाथ धाम में पूजा-अर्चना को लेकर श्रद्धालुओं और धार्मिक संगठनों में भी सकारात्मक संदेश गया है।
