By: Mala Mandal
देवघर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देवघर के स्थानीय के.के.एन. स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण एवं जल संसाधन विभाग के मंत्री हफीजूल हसन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में मंत्री ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, पंडित जवाहरलाल नेहरू, डॉ. भीमराव अंबेडकर, लाल बहादुर शास्त्री, सरदार वल्लभभाई पटेल, मौलाना अबुल कलाम आजाद, भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु, बिरसा मुंडा, सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो सहित अन्य वीर सपूतों के योगदान को याद किया।

मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता राज्य के सभी वर्गों तक विकास का लाभ पहुंचाना है। झारखंड के गठन का उद्देश्य किसानों, मजदूरों, आदिवासी समुदायों तथा सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना था। सरकार कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
शिक्षा के क्षेत्र में नियुक्ति और सुविधाओं पर जोर
मंत्री ने देवघर जिले में शिक्षा के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्तमान वर्ष में कक्षा 1 से 5 तक 379 इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्यों की नियुक्ति की गई है। वहीं कक्षा 6 से 8 तक विज्ञान एवं गणित में 100, भाषा में 71 तथा सामाजिक विज्ञान में 164 स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों की नियुक्ति हुई। देवघर जिले का मैट्रिक परीक्षा परिणाम 95.28 प्रतिशत रहा। मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना के तहत 6,344 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी गई। इसके अलावा विद्यार्थियों को साइकिल, पोशाक, पाठ्यपुस्तक, स्कूल बैग और नोटबुक उपलब्ध कराए गए। दिव्यांग बच्चों के लिए जांच शिविर आयोजित कर सहायक उपकरण वितरित किए गए।

कल्याण योजनाओं से हजारों परिवार लाभान्वित
मंत्री ने बताया कि वन अधिकार अधिनियम के तहत अनुसूचित जनजाति समुदाय के 949 लोगों को 678.82 एकड़ भूमि का व्यक्तिगत पट्टा तथा सामुदायिक पट्टे दिए गए हैं। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत 327 लाभुकों के बीच 10.95 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण वितरित किया गया। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 350 लाभुकों को करीब 25.98 लाख रुपये की सहायता दी गई। छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत हजारों अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। वहीं 14,278 विद्यार्थियों को साइकिल से लाभान्वित किया गया।

स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने का दावा
स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियां गिनाते हुए मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री जननी शिशु स्वास्थ्य योजना के तहत 9,263 लाभुकों को लाभ मिला। मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना के तहत 135 मरीजों को मुफ्त चिकित्सा उपलब्ध कराई गई। जिले में 26,066 आयुष्मान कार्ड और 1.72 लाख आभा कार्ड तैयार किए गए। सदर अस्पताल परिसर में 50 बेड वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण कार्य जल्द पूरा होने की बात कही गई। श्रावणी मेला 2026 के दौरान कांवरियों और शिवभक्तों को स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 35 स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं।

महिला समूहों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
जेएसएलपीएस के माध्यम से जिले के 10 प्रखंडों की 194 पंचायतों में सखी मंडलों का गठन किया गया है। करीब 1.29 लाख गरीब परिवारों की महिलाएं इन समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। महिला समूहों को चक्रीय निधि, सामुदायिक निवेश निधि और बैंक लिंकेज का लाभ दिया गया है। फूलो-झानो आशीर्वाद योजना के तहत 961 सखी मंडल सदस्यों को ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया गया। वहीं बिरसा हरित ग्राम योजना के माध्यम से आम का कारोबार किया गया, जिसमें मोहनपुर एफपीओ के जरिए आम का अंतरराष्ट्रीय बाजार तक निर्यात भी किया गया।

सामाजिक सुरक्षा और आवास योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत देवघर जिले के 2,40,754 लाभुकों को प्रतिमाह 2,500 रुपये की दर से राशि का भुगतान किया गया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत 2,43,916 लाभुकों को प्रतिमाह 1,000 रुपये पेंशन मिल रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 19,705 लाभुकों को आवास उपलब्ध कराया गया। वहीं अबुआ आवास योजना के तहत 35,236 सुयोग्य लाभुकों के आवास स्वीकृत किए गए हैं और 25,985 लाभुकों को प्रथम किस्त की राशि उपलब्ध कराई जा चुकी है।

सड़क, सिंचाई और आधारभूत संरचना पर फोकस
मंत्री ने सड़क निर्माण, ग्रामीण सड़क, सिंचाई और आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं की भी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कई सड़क योजनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि अन्य योजनाएं प्रगति पर हैं। पुनासी जलाशय योजना को जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए मंत्री ने कहा कि योजना की तीसरी पुनरीक्षित प्राक्कलन के तहत 1,851.68 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। योजना पूर्ण होने पर देवघर और दुमका जिले के विभिन्न क्षेत्रों में करीब 24,292 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा देवघर शहर को पेयजल आपूर्ति के लिए 23.23 एमसीएम पानी उपलब्ध कराने की योजना है।

राशन और खाद्य सुरक्षा योजनाओं का भी उल्लेख
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम और झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत जिले के लाखों परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। पीएचएच, अंत्योदय, ग्रीन कार्ड और अन्य श्रेणियों के लाभुकों को निर्धारित मात्रा में अनाज उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री दाल-भात योजना के तहत जिले में 14 केंद्र संचालित हैं। संभावित सूखे की स्थिति को देखते हुए आकस्मिक खाद्यान्न कोष के माध्यम से पंचायतों को राशि उपलब्ध कराने की बात भी कही गई।

श्रावणी मेला में बेहतर व्यवस्था का दावा
मंत्री ने विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की तैयारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पदाधिकारी, कर्मचारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, सड़क, सिंचाई और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में विकास को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और समाजसेवियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों और प्रस्तुतियों ने भी लोगों में उत्साह भर दिया। पूरे स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।


